Monday, May 25, 2009

आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त

देसूरी,25 मई। यहां रविवार सांय आयी आंधी से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के बाद ही आंधी थम पायी।
रविवार को सांय को बादल छाने लगे थे। इसी के साथ बादलों की गडग़डाहट होने लगी। रात ढ़लते-ढ़लते बिजली चमकने लगी। रात आठ बजे अचानक आसमान में मिट्टी की गर्द गढऩे लगी। इसी के साथ तेज हवाएं और मिट्टी उडऩे लगी। जिससे घरों व दुकानों में धूल भर गई। लोगों ने तुरंत अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए। इस बीच बिजली भी चली गई और कस्बा अंधेरे में डूब गया।
बाद में कुछ देर हुई रिमझिम बारिश से गर्मी से आहत लोगों को राहत मिली। रात नौ बजे आंधी थम गई।

देसूरी नाल में दुपहिए से गिरने से एक की मौत

देसूरी,24 मई। देसूरी नाल में रविवार दोपहर को दुपहिए से गिरने से दुपहिया चालक युवक की मौत हो गई। मृतक अपने चचेरे भाई के साथ भीलवाड़ा से माउंट आबू पर मजदूरी के लिए जा रहा था। वह अपने मां-बाप का इकलौता सहारा था।
देसूरी पुलिस के अनुसार भीलवाड़ा जिले के शिवपुर ग्राम के बलियाली की कुड़ी निवासी कानाराम पुत्र चतराराम मेघवाल उम्र 30 वर्ष अपनी यामाहा मोटर साईकिल नं. आर जे 24 2 एम 9326 पर पिछे अपने ताऊ के बेटे अर्जुनलाल पुत्र रामलाल मेघवाल उम्र 20 को सवार कर माउंट आबू के लिए रवाना हुआ। ये दोनो दोपहर एक बजे वाया गोमती चौराहा से चारभुजा होकर देसूरी नाल के रास्ते से आगे बढ़ रहे थे। तभी पाली जिले के देसूरी थाने की सरहद में पहूंचने के एक कि.मी. बाद इनका दुपहिया सड़क किनारे एक पत्थर से टकराकर असंतुलित हो गया और वहीं गिर पड़ा। दोनो सवार सड़क किनारे खाई में गिर गए। दुर्घटना में दुपहिया चालक का हेलमेट भी बिखर गया। इस दुर्घटना में पिछे सवार अर्जुनलाल भी चोटिल हो गया।
इस दुर्घटना की इत्तला मिलने पर चारभुजा पुलिस ने एक जैन समाजसेवी संस्था की एंबूलेंस से दोनो को देसूरी के राजकीय चिकित्सालय पहूूँचाया गया। जहां दुपहिया चालक कानाराम की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। सहायक पुलिस निरिक्षक बन्नेसिंह व कांस्टेबल महेन्द्रप्रताप सिंह ने अस्पताल व घटनास्थल पर पहूँचकर जांच कार्यवाहीं शुरू की।
सांय चार बजे मृतक के परिजन व रिश्तेदार पहूंचे। तत्पश्चात मोर्चरी में रखे शव का डॉ. राजेश राठौड़ ने पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया। बाद में सांय पौने सात बजे परिजन का शव लेकर अपने गांव रवाना हो गए।
इधर,दुर्घटना का समाचार मिलते ही सिकंदर खां पठान,जाकिर हूसैन,मोतीलाल कांगरेचा,घनश्यामसिंह,अशोक,गोविंद,श्रवणपुरी गोस्वामी,फिरोज,बगदाराम,छगनलाल मीणा,हिरालाल घांची,अल्लारक खां पठान सहित कई समाजसेवी लोगों ने अस्पताल पहूँचकर मदद की। तहसीलदार हिम्मताराम मेहरा के निर्देश पर अस्पताल पहूंचे पटवारी विनोद कुमार ने सहायता राशी के लिए रिर्पोट तैयार की।

नहीं रहा वारिस-मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक कानाराम के भाई की भी इससे पूर्व असामायिक मृत्यु हो चुकी हैं। जिसके बाद चलने-फिरने में असमर्थ मां-बाप का कानाराम ही सहारा था। मृतक की दूसरी पत्नी हैं। जिससे एक बेटी पैदा हुई। जो अभी महज सोलह साल की ही हैं।

Sunday, May 24, 2009

काणा पीर का सालाना उर्स संपन्न

देसूरी,21 मई। देसूरी-घाणेराव मार्ग पर स्थित काणा तालाब पर शहीद हसन वली बाबा काणा पीर का 43वां सालाना उर्स 21 मई को संपन्न हो गया। मशहूर कव्वाल छोटे मजिद शोला मुम्बई व राजस्थान संगीत अकादमी के कव्वाल इरफान तुफैल ने महफिल ए शमा में अपने फन के रंग बिखेरे। महफिल में राज्य मंत्री मांगीलाल गरासिया,पूर्व विधायक आत्माराम मेघवाल,सांसद बद्रीराम जाखड के पुत्र जुगल जाखड़,कांग्रेस नेता रतन जणवा इत्यादि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन ओम आचार्य व आकाशवाणी जोधपुर के उदघोषक जफर खां सिन्धी ने किया।

राजीवगांधी को बताया महान स्वप्नदृष्टा

देसूरी,21 मई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डूंगरसिंह राजपुरोहित ने कहा कि स्व. राजीव गांधी एक महान स्वप्नदृष्टा थे। उन्होंने कहा कि देश को इक्कसवी सदी मेें ले जाने का उनका देखा सपना साकार हो गया। देश में सूचना प्रौद्यागिकी का विस्तार उन्ही की देन हैं।
राजपुरोहित यहां ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में गुरूवार को ड़ाक बंगले में आयोजित पूर्व प्रधान मंत्री स्व. राजीव गांधी के पुण्य तिथि कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधान श्रीमती सुशीला गौड़ ने कहा कि राजीव गांधी महिला आरक्षण के सदा हिमायती रहे। ब्लॉक उपाध्यक्ष मिसरू खां पठान व अजा विभाग के जिला उपाध्यक्ष जोराराम आदरा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आंतकवाद से मुक्त करने की दिशा में पहल की। कार्यक्रम में कांग्रेस नेता रतन जणवा,उपप्रधान जहूर बेग मिर्जा,जिला संयुक्त सचिव प्रमोद मेघवाल,ब्लॉक उपाध्यक्ष खीमसिंह राजपुरोहित,सचिव जब्बार खां,दलपत गहलोत,अन्य पिछड़ा वर्ग विभाग के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल माली,युवक कांग्रेस अध्यक्ष आबिद मो.,युवक कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष सोहन मोटा,नेनाराम प्रजापत,सोहन गौड़,भंवरलाल मेघवाल,श्रीमती नेनू प्रजापत,चम्पालाल मादा,ताराचंद सांगर,यासिन मो.,नारायण रैगर सहित कई कांग्रेसजन मौजूद थे।

कृषि ज्ञान शिविर एवं आदान शिविर संपन्न

देसूरी,21 मई। यहां ग्राम पंचायत मुख्यालय पर बुधवार को आयोजित कृषि ज्ञान शिविर एवं आदान शिविर संपन्न हो गया।
शिविर प्रभारी लालसिंह राठौड़ ने बताया कि शिविर में कृषकों को नवीनतम तकनीकी गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी देने के साथ मिनीकिट का वितरण किया गया। इस दौरान श्रव्य-दृश्य व मुद्रित माध्यमों से कृषकों का ज्ञानवद्र्धन किया गया। शिविर में विकास अधिकारी तनुराम राठौड़,उपसरपंच टेकाराम प्रजापत,डॉ.परिक्षित राजपुरोहित,कृषि पर्यवेक्षक तुलसीराम भाटी,ग्रुप सचिव घीसाराम,सलाहकार कमेटी अध्यक्ष अली हूसैन शेख सहित बड़ी संख्या में कृषकों ने भाग लिय

कांग्रेसजनों ने जाखड़ व ईड़वा को बधाई दी

देसूरी,19 मई। पाली लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद बद्रीराम जाखड़ व राजसमंद लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद गोपालसिंह ईड़वा की अभूतपूर्व जीत पर कांग्रेसजनों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
देसूरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डूंगरसिंह राजपुरोहित,उपाध्यक्ष मिसरू खां पठान,कांग्रेस नेता रतन चौधरी,प्रधान श्रीमती सुशीला गौड़,जिला संयुक्त सचिव प्रमोदपाल मेघवाल,जसाराम सिरवी,ब्लॉक उपाध्यक्ष खिमसिंह राजपुरोहित,महासचिव अली हूसैन शेख,सचिव सुरेश मेवाड़ा,मिठालाल सैन,जब्बार खां,दलपत गहलोत,नवाब खां पठान,सिकन्दर खां पठान,नगर अध्यक्ष मोतीलाल चौधरी,उपाध्यक्ष लक्ष्मण मेघवाल,सुरेश मोटा,युवक कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष सोहन गौड़,नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष आबिद मो.,उपाध्यक्ष तेजराज मेवाड़ा,सिकन्दर बेग सहित कई कांग्रेसजनों ने जाखड़ व ईड़वा की जीत पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी और एक-दूसरे का मुंह मिठा कराया।

Wednesday, May 13, 2009

हत्या के आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

देसूरी,13 मई। थानान्तर्गत छोड़ा ग्राम के सड़क मार्ग पर स्थित एक प्याऊ के पिछे हुई एक युवक हत्या के आरोपी को न्यायालय ने न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार 3 मई दोपहर को प्याऊ के पिछवाड़े नालेनुमा खाई में मिली लाश की शिनाख्त छोड़ा निवासी भैराराम पुत्र वालाराम रैबारी के रूप में हुई थी। मृतक भैराराम देसूरी निवासी भटाराम रैबारी के साथ राजसमंद जिले के केलवा ग्राम में मजदूरी करता था। दोनो एक ही मकान में रहते थे। भैराराम अपनी पत्नी टीपू व बच्चों के साथ रहता था। जबकि भटाराम अकेला रहता था। वहीं से भटाराम अपनी मोटर साईकल पर बैठाकर देसूरी पहूँचा। यहां से शराब खरीदकर छोड़ा जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित सुरेश प्याऊ के पीछे सुनसान जगह पर लेकर शराब पी। इसी दौरान अवैध संबधों को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़े के दौरान आरोपी ने शराब की बोतल तोड़कर भैराराम के पेट व गले में लगातार कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्य हो गई। बाद में उसने इस लाश को नालेनुमा खाई में ड़ाला और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने चार मई को मामले का खुलासा होते ही आरोपी भटाराम को गिरफ्तार कर लिया। पांच मई को पुलिस ने उसे देसूरी न्यायालय में प्रस्तुत किया था। जहां मजिस्ट्रेट ने उसे तीन दिन के रिमांड पर पुलिस को सुपर्द कर दिया। इसके बाद न्यायालय ने उसकी हिरासत अवधि दो बार तीन-तीन दिन के लिए ओर बढ़ाई। बुधवार को उसकी हिरासत अवधि समाप्त होने पर उसे पुन: यहां न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। जहां न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।

नरेगा के तहत देसूरी पं.स. क्षेत्र में 115 करोड़ के कार्य स्वीकृत

देसूरी,13 मई। राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी कार्यक्रम के तहत देसूरी पंचायत समिति क्षेत्र के 115 करोड़ के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम अधिकारी के.आर.लोहिया के अनुसार यह राशी तालाब,पिंचीग,ग्रेवल सड़क,ओटा निर्माण,एनिकट,नाली मय खंरजा निर्माण इत्यादि के स्वीकृत कुल 119 कार्यो पर खर्च होगी। उन्होंने बताया कि राजस्व ग्रामों को इकाई मानकर समस्त ग्रामों में ये कार्य मंजूर किए गए हैं। लोहिया ने सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सहायकों को इन कार्यो को शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

बिजली गुल रहने से आमजन परेशान

देसूरी,13 मई। कस्बे में पिछले कुछ दिनों से बार-बार बिजली गुल हो जाने से आम जन परेशान हैं।
इन दिनों गर्मी से जहां पारा छलांग लगा रहा हैं। वहीं डिस्कॉम की बिजली बार-बार घंटो गुल हो रही हैं। इससे गर्मी के सताए लोग पसीना-पसीना रहे। अप्रत्याशीत गर्मी के चलते लोगों के पास फ्रीज,पंखे व कूलर के सिवाय राहत पाने के ओर कोई साधन नहीं हैं। ऐसे में आमजन को बिजली जाने पर बैचेनी झेलनी पड़ रही हैं। बिजली आधारित काम-धंधे व सरकारी कार्यालयों को कामकाज भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा हैं।

Tuesday, May 12, 2009

लड़की भगाने का आरोपी गिरफ्तार,जेल भेजा

देसूरी,12 मई। थानान्तर्गत दुदापुरा ग्राम से एक लड़की को भगा ले जाने का आरोपी गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने पर उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आना निवासी दिनेशकुमार पुत्र पूनाजी कुम्हार कुछ समय पूर्व दुदापुरा ग्राम से एक लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। जिसके दूसरे दिन ही लड़की को दस्तयाब कर लिया गया था और उसकी रिर्पोट पर उसे भगा ले जाने वाले आरोपी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद हाल ही में आना से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने पर उसे न्यायिक हिरासत में कारागृह भेजने के आदेश दिए गए।
बालिका जख्मी-देसूरी। थानान्तर्गत सांरगवास ग्राम स्थित सोनाणा खेतलाजी तीर्थधाम पर जात देने की रस्म करने आए एक जने की पुत्री को दुपहिया वाहन ने कुचल दिया। जिससे वह जख्मी हो गई। परिजनों के अनुसार खांगडी निवासी आठ वर्षीय वर्षा पुत्री दिपाराम कुम्हार तीर्थधाम के सामने खेल रही थी। तभी एक दुपहिया चालक ने उसे चपेट में ले लिया और वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। जिसे तुरंत देसूरी अस्पताल पहूूॅंचाया गया। बाद में आपसी समझाईश से दोनों पक्षों ने मामला सुलझा दिया।

Monday, May 11, 2009

देसूरी नाल में फिर दुर्घटना,सात घायल

देसूरी,10 मई। देसूरी नाल में सोमवार सांय को एक बार फिर हुई दुर्घटना में आठ जने हताहत हो गए। जिन्हें उपचार के लिए देसूरी के सरकारी अस्पताल लाया गया। दो जनों को पाली रेफर कर दिया गया हैं। इससे पहले शनिवार को हुई दुर्घटना में आठ जने घायल हो गए थे।
चारभुजा पुलिस व देसूरी अस्पताल सूत्रों के अनुसार राजसमंद जिले के उसावर ग्राम में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में गु्रप के साथ मजदूरी करने गए हुए थे। ये लोग टाटा 207 वाहन में सवार होकर पुन: देसूरी की तरफ लौट रहे थे। वाहन में सवार लोगों के अनुसार सांय लगभग छह बजे राजसमंद जिले के चारभुजा थाना हलके में पंजाब मोड़ से पहले इस टाटा वाहन ने अपने से आगे जा रहे अन्य वाहन को ओवरटेक करने की कोशीश की। इसी के साथ टाटा वाहन अनियंत्रित हो गया और चालक द्वारा काबू करने की कोशीश में सड़क किनारे चट्टान से टकराने के साथ ही रगड़ खा गया।
पिछे आ रहे समाजसेवी नेनाराम प्रजापत,कांतिलाल हिरागर व उनके साथियों ने अपने वाहनों से घायलों को तुरंत देसूरी अस्पताल पहूँचाया और पुलिस-प्रशासन को इत्तला दी। देसूरी अस्पताल में घायल रेबारियों का झूंपा परशुराम बगेची सादड़ी निवासी श्रीमती वरजू पत्नी गणेशजी रंगास्वामी उम्र 60 वर्ष व इसके पौत्र शांतिलाल पुत्र बाबूलाल रंगास्वामी उम्र 22 वर्ष को पाली रेफर किया गया। जबकि जाटो का गुड़ा निवासी चोट ग्रस्त गणपतलाल पुत्र दुदाराम माली उम्र 12 साल,रूपाराम पुत्र भैराजी जाट उम्र 14 वर्ष,घाणेराव निवासी केसरसिंह पुत्र लालसिंह रावत उम्र 50 वर्ष, घायल रेबारियों का झूंपा परशुराम बगेची सादड़ी निवासी श्रीमती नीरू पत्नी मीठालाल रंगास्वामी उम्र 18 वर्ष,देसूरी निवासी जगदीश पुत्र मोहनलाल मेघवाल उम्र 15 वर्ष का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सक डॉ. फारूक राठेड़ व डॉ. भरत गोमतीवाल ने बताया कि घायलों का स्थानीय अस्पताल में ही एकसरे करवाया गया। इसी के साथ सादड़ी अस्पताल से एम्बुलेंस मंगवाकर पाली रेफर किया गया।
घटना की इत्तला मिलते ही चारभुजा थानाधिकारी भैरूसिंह अस्पताल पहूँचे और मौका मुवायना कर जांच कार्यवाहीं शुरू की। मौके पर टाटा वाहन पड़ा मिला। जबकि चालक भाग गया। यहां अस्पताल व घटनास्थल पर कुभंलगढ़ उपखंड अधिकारी हिम्मतसिंह बारहठ,देसूरी उपखंड अधिकारी मांगूसिंह चौहान,तहसीलदार हिम्मताराम मेहरा,देसूरी थानाधिकारी नरेन्द्रसिंह शेखावत व उपनिरीक्षक भंवरलाल चौधरी पहूँचे और घायलों की कुशलक्षेम पुछी। दुर्घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में कस्बेवासियों का हुजूम इकठ्ठा हो गया और अस्पताल स्टाफ् के साथ घायलों की मदद की।

Sunday, May 10, 2009

सांप्रदायिक सदभाव बढ़ाने पर मुस्लिम समुदाय ने इस्तकबाल किया

देसूरी,10 मई। यहां पिछले दिनों आयोजित श्री मातेश्वरी आनन्दीधाम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान मंदिरों के साथ-साथ मस्जिद को भी आकर्षक रोशनी से सजाकर सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल कायम करने पर मुस्लिम समुदाय ने आयोजक का तहेदिल से इस्तकबाल किया।
रविवार सांय को मस्जिद में आयोजित सम्मान कार्यक्रम में प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव आयोजक अखिल भारतवर्षीय श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष प्रवीण बी.व्यास को आमंत्रित किया गया। इसी के साथ मौलवी अय्युब अशरफी व सदर अली हूसैन शेख ने माला एवं साफा पहना उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इसी के साथ वक्ताओं ने कौमी एकता की मिसाल कायम करने पर उनकी सराहना की। स्वागत से अभिभूत व्यास ने कहा कि वे इस सम्मान से उन्हें सांप्रदायिक सद्भाव बढ़ाने की दिशा में ओर अधिक कार्य करने की प्रेरणा एवं शक्ति मिली हैं। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद थे।

संस्था प्रधानों की बैठक 14 को

देसूरी,10 मई। ब्लॉक अधीनस्थ समस्त प्राथमिक,उच्च प्राािमिक संस्था प्रधान एवं नोडल केन्द्र प्रभारियों की एक आवश्यक बैठक गुरूवार को आयोजित होगी।
बी.ई.ई.ओ. डॉ. सौभाग्यसिंह राजावत के अनुसार कार्यालय में प्रात: 11 बजे बुलाई गई इस बैठक में सभी संस्था प्रधानों से मिड डे मिल योजनान्तर्गत आर्दश रसोई घर निर्माण के संबध में वांछित सूचना व नामांकन सूचना के साथ उपस्थित होने को कहा गया हैं।

Saturday, May 09, 2009

देसूरी नाल में मिनी बस चट्टान से टकराई,आठ यात्री चोटिल

देसूरी,9 मई। देसूरी नाल के पंजाब मोड में एक मिनी बस के चट्टान से टकराने से उसमें सवार आठ यात्री चोटिल हो गए। सभी घायलों का देसूरी के राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। इसमें से एक को पाली रेफर किया गया हैं।
चारभुजा पुलिस एवं देसूरी अस्पताल सूत्रों के अनुसार शनिवार को पूर्णिमा के अवसर पर पाली जिले के वायद ग्राम के निकट पाती ग्राम के अठारह महिला-पुरूष दर्शनार्थ नाथद्वारा गए हुए थे। ये लोग सांय को चारभुजा दर्शन कर देसूरी नाल के रास्ते लौट रहे थे। तभी लगभग रात साढ़े आठ बजे राजसमंद जिले के चारभुजा थाने की सरहद में देसूरी नाल के पंजाब मोड़ में मिनी बस अनियंत्रित हो गई और सामने स्थित पर्वतीय चट्टान से टकराने के साथ उस पर चढ़ गई।
इसी के साथ सूर्या पैलेस के संचालक जगदीशसिंह गहलोत को पता चलते ही पुलिस व अस्पताल को सूचित किया। इसी के साथ पौने नौ बजे मिनी बस में ही सवार सुरेन्द्रसिंह की देखरेख में एक जीप चोटिल सवारों को लेकर देसूरी अस्पताल पहूँची।
इस दुर्घटना मे शंकरलाल पुत्र कालूजी भील के हाथ,सिर,नाक व आंख पर चोटें आयी। उसे पाली रेफर कर दिया गया। अन्य चोट ग्रस्त पप्पूराम पुत्र नरसाजी भील,श्रीमती मथरा पत्नी भाखरजी सरगरा,सुश्री मगीया पुत्री शंकरजी भील,श्रीमती नाजू भील,शंकर पुत्र दानाजी भील,श्रीमती मीरा,गवरी पत्नी पुखाराम भील का अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। बस चट्टान से इस कदर टकराई कि ढ़ाई साल की बच्ची सुश्री मगीया पुत्री शंकरजी भील वाहन से उछल कर बाहर गिर गई। जिससे उसके सिर पर चोंटे आयी। चारभुजा थानाधिकारी भैरूसिंह मय पुलिस दल के यहां अस्पताल पहूंचे और मौका मुवायना किया। उन्होंने बताया कि बस पलटी नहीं। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर बस चट्टान पर लम्बवत चढ़ी हुई हालत में पड़ी हैं। दुर्घटना के बाद बस चालक वहां से भाग गया।

देसूरी जोनल में निराशाजनक मतदान रहा

देसूरी,7 मई। पाली लोकसभा क्षेत्र के चुनाव में देसूरी जोनल में मतदान शुरू से अंत तक निराशाजनक ही बना रहा। जोनल के सभी बारह बूथों पर कुल 36.24 प्रतिशत ही मतदान हुआ।
जोनल मजिस्ट्रेट पूनमसिंह राठौड़ के अनुसार माडपुर ग्राम के बूथ 40 पर 28.83,अणेवा के बूथ सं.41 पर 28.04,सुमेर के बूथ सं.42 पर 35.00,लांपी के बूथ सं.43 पर 49.50,गांथी के बूथ सं. 44 पर 40.49,गुड़ा आसकरण पर बूथ सं.45 पर 30.48,देसूरी कस्बे के बूथ सं. 46 पर 35.08,47 पर 45.35,48 पर 32.01,49 पर 33.44,50 पर 36.24 व 51 पर 38.41 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकारों का प्रयोग किया। मतदान के दौरान कांग्रेस नेता बूथों के बाहर दिन भर जाजम जमाए बैठे रहे।
इधर,शांतिपूर्वक मतदान के लिए ब्लॉक अध्यक्ष डूंगरसिंह राजपुरोहित,कांग्रेस नेता जयसिंह राजपुरोहित,रतन जणवा,प्रधान श्रीमती सुशीला गौड व पूर्व विधायक आत्माराम मेघवाल,जिला संयुक्त सचिव जसाराम सिरवी,प्रमोदपाल मेघवाल,ब्लॉक उपाध्यक्ष मिसरू खां पठान,महामंत्री अली हूसैन शेख,नगर अध्यक्ष मोतीलाल चौधरी ने मतदाताओं का आभार प्रकट किया हैं।

मलूकों ने मचाया हुडदंग

देसूरी,7 मई। यहां नृसिंह चर्तुदशी पर दिन भर मलूके बने युवक कोड़े पिट कर हुडदंग मचाते रहे। सांय नृसिंह प्रकट होने के बाद मलूके ओझल हो गए।
कस्बे के लक्ष्मीनारायण मंदिर पर कस्बे भर के मलूके दोपहर बाद एकत्र हो गए और खूब हुडदंग मचाया। इससे पहले दिन भर कस्बे में जगह-जगह घूम कर कोडे पटक कर पैसे वसूलते रहे। सांय सात बजते ही मंदिर से नृसिंह प्रकट हो गए। इसी के सारे मलूके छूप गए। प्रकट होते नृसिंह अवतार की एक झलक पाने के लोग जमा हजारों लोग बेताब हो गए। उन्हें कड़ी सुरक्षा में नृसिंह मंदिर तक ले जाया गया ओर तुरंत ही लौट आए।

Tuesday, May 05, 2009

साथी ही निकला हत्यारा,गिरफ्तार

अवैध संबधों को लेकर हुई थी कहासुनी
देसूरी,4 मई।
थानान्तर्गत छोड़ा ग्राम के सड़क मार्ग पर स्थित एक प्याऊ के पिछे हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर राजफाश करते हुए हत्यारे को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। हत्यारा मृतक का साथी ही निकला। दोनों में अवैध संबधों को लेकर हुई कहासुनी झगड़े में तब्दील हो गई और अपने साथी को शराब की बोतल घौंप कर मार ड़ाला। पुलिस इस मामले को आफिसर स्कीम में लेगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा ने बताया कि रविवार दोपहर को प्याऊ के पिछवाड़े नालेनुमा खाई में मिली लाश की शिनाख्त छोड़ा निवासी भैराराम पुत्र वालाराम रैबारी के रूप में हुई थी। उसके भाई केसाराम ने इस मामले में दर्ज रिर्पोट में बताया था कि भैराराम चार माह पूर्व केलवा मजदूरी पर गया था।
पुलिस ने तत्काल जांच कार्यवाही शुरू करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मीणा के नेतृत्व में वृत्त अधिकारी बाली मोहनलाल खिन्नीवाल,देसूरी थानाधिकारी नरेन्द्रसिंह शेखावत,खिंवाड़ा थानाधिकारी गोपसिंह देवड़ा व सादड़ी थानाधिकारी चंद्रशेखर पालीवाल की एक टीम गठित की। इसी के साथ एफ.एस.एल. टीम एवं डॉग स्क्वायड टीम द्वारा मौका मुवायना किया गया। साथ ही सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर लाश उसके परिजनों को सुपर्द कर दी गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक भैराराम अपने एक स्वजातिय साथी देसूरी के राठेलाव चौराहें के पास स्थित रैबारियों की ढ़ाणी निवासी भटाराम रैबारी के साथ राजसमंद जिले के केलवा ग्राम में मजदूरी करता था। दोनो एक ही मकान में रहते थे। भैराराम अपनी पत्नी टीपू व बच्चों के साथ रहता था। जबकि भटाराम अकेला रहता था।
वहीं से भटाराम अपनी मोटर साईकल पर बैठाकर देसूरी पहूँचा। यहां से शराब खरीदकर छोड़ा जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित सुरेश प्याऊ के पीछे सुनसान जगह पर लेकर शराब पी। इसी दौरान अवैध संबधों को लेकर कहासुनी हो गई। झगड़े के दौरान आरोपी ने शराब की बोतल तोड़कर भैराराम के पेट व गले में लगातार कई वार किए। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्य हो गई। बाद में उसने इस लाश को नालेनुमा खाई में ड़ाला और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने सोमवार को मामले का खुलासा होते ही आरोपी भटाराम को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस निरिक्षक भंवरलाल चौधरी के नेतृत्व में यहां राजकीय अस्पताल में आरोपी का मेडीकल मुवायना भी कराया गया। कस्बे व क्षेत्र में दिन भर हत्याकांड की चर्चा के साथ ही आरोपी की शीघ्र धरपकड़ करने को लेकर पुलिस की सराहना होती रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीणा ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच ऑफिसर स्कीम में लेगी।

कार्यकर्ता आड़वाणी को प्रधानमंत्री बनाने के लक्ष्य को लेकर चले

देसूरी,4 मई। महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री एवं पश्चिमी राजस्थान के छह संसदीय क्षेत्रों के प्रभारी राज के. पुरोहित ने कहा कि कार्यकर्ता लालकृष्ण आड़वाणी को प्रधानमंत्री बनाने के महान लक्ष्य को लेकर चले। इसके लिए प्रत्याशी पुष्प जैन की जीत सुनिश्चित करने को लेकर जुट जाए।
पुरोहित यहां भाजपा चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जातीय आधार न देखकर प्रत्याशी की काबिलियत पर जाए। उन्होंने कहा कि हम प्रवासी लोग परदेस में किसी जाति-बिरादरी के न होकर समूचे राष्ट्र में मारवाड़ी या राजस्थानी के नाम से एकसूत्र में बंधे हुए हैं। ऐसा ही भाव लोकसभा चुनाव में प्रदर्शित करने की जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि बारह महिने लोग आंतकवाद,महंगाई जैसे मुद्दों पर बहस करते हैं,लेकिन संकिर्ण बातों को त्याग कर आगे नहीं आते। जिससे मुद्दे धरे रह जाते हैं। इसलिए इस बार मुद्दों पर वोट देने की जरूरत हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के दिन शादियों की बहुतायतता हैं। लेकिन कार्यकर्ता आयोजकों से बात कर इस तरह से शादियों को सेट करे कि जिससे मतदाता अपना वोट ड़ाल सके। इससे पूर्व पुरोहित का सरपंच नेनाराम चौधरी,मंडल अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा,नगर अध्यक्ष चुन्नीलाल सुथार ने माला पहनाकर स्वागत किया। बैठक में अल्पसंख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष मास्टर सिकन्दर खां पठान,उपसरपंच टेकाराम प्रजापत,हिरसिंह राजपुरोहित,किरणसिंह राजपुरोहित,गणपतसिंह राजपुरोहित,भंवर लुहार,रतनलाल छिपा,मुकेशपुरी गोस्वामी,हिम्मतसिंह राजपुरोहित,पुष्पेन्द्र सोनी इत्यादि कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद थे। इधर,महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती शकुतंला दवे ने कई ग्रामों का दौरा कर पुष्प जैन कों जिताने की अपिल की हैं।

युवक की हत्या कर लाश खाई में फैंकी

देसूरी,3 मई। थानान्तर्गत छोड़ा ग्राम के सड़क मार्ग पर एक प्याऊ के पिछे खाई में रैबारी जाति के एक युवक की लाश मिली हैं। पुलिस का मानना हैं कि गुजरी रात युवक को जहर देकर व शराब की बोतल घौंपकर मारा गया बताया जा रहा हैं। पुलिस ने मौके से किटनाशक दवाई की शीशी,घौंपी गई शराब की बोतल व मोबाईल बरामद किया हैं।
देसूरी पुलिस को रविवार दोपहर को किसी चरवाहें के जरीए इत्तला मिली की छोड़ा सड़क मार्ग पर सुरेश प्याऊ के पिछवाड़े नर्सरी सीमा की खाई में एक युवक की लाश पड़ी हैं। इस पर थानाधिकारी नरेन्द्रसिंह शेखावत तुरंत हरकत में आए और घटनास्थल पर पहूँचे। इसी के साथ पुलिस उप अधीक्षक मोहनलाल खिन्नीवाल,सादड़ी थानाधिकारी चंद्रशेखर पालीवाल,खिंवाड़ा थानाधिकारी गोपसिंह देवड़ा भी मौके पर पहूॅंच गए। पुलिस ने उसके जेब से बरामद मोबाइल पर आए कॉल ट्रेस किए। इस दौरान एक कॉल संदिग्ध होने पर उसका पता लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक से संपर्क किया।
इन्होंने ग्रामीणों को बुलाकर लाश की शिनाख्त करवाई। पेंट-शर्ट पहने युवक की लाश काली पड़ गई थी। इसके बावजूद ग्रामीणों ने युवक के टेढ़े दांत व मूंछ के आधार पर उसकी पहचान भैराराम पुत्र वालाराम रैबारी निवासी छोड़ा के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने सादड़ी किसी शादी में शामिल होने गए भाई केसाराम रैबारी को बुलाया। जिस पर उसने मृतक की पहचान अपने छोटे भाई के रूप की और वहीं फूट=फूट कर रोने लगा। केसाराम ने पुलिस को बताया कि पिछले चार माह से मृतक अपने दो बच्चों व पत्नी के साथ मेवाड़ की तरफ चला गया। लेकिन इस अवधि में उससे किसी प्रकार को संपर्क नही रहा। पुलिस कॉल ट्रेस के जरिए पता लगाया कि मृतक केलवा के आसपास किसी क्रेशर पर कार्यरत था। इसी के साथ के्रशर से संपर्क कर उसकी पत्नी को भी रवाना होने के लिए इत्तला भेज दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद प्रथम दृष्टया इस नतिजे पर पहूँची की शनिवार देर रात मृतक व उसके साथ आए लोगों ने चट्टान पर बनी प्याऊ के पिछे बेगपाइपर शराब व बीयर पी। इस दौरान उसे किटनाशक दवाई दी गई। लेकिन जब वह नही मरा,तो बेगपाइपर की बोतल घौंप कर मार ड़ाला और घसीट कर चट्टान के पिछे जंगलात नर्सरी की सीमा के लिए खुदी खाई में ड़ाल दिया गया। लाश को देखकर पता लगाया गया कि उसके वस्त्र ऊँचे कर बोतल घौंपी गई। लोगों ने पुलिस को पड़ौस में प्याऊ से रात को चिल्लाने की आवाज सुनने की बात भी बताई। पुलिस ने घटनास्थल से खून के निशान,बेगपाइपर शराब की बोतल व मोबाइल भी बरामद किया। शाम को डॉग स्कयावड़ भी बुलाए गए।
पुलिस ने तेजी से मामले की जांच शुरू कर दी हैं। पुलिस सारे सूत्र जुटा रही हैं। मौके पर सरपंच पुखराज चौधरी,कांग्रेस के जसाराम मेघवाल,भाजपा नेता शंकरलाल घांची सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।